Read in App


• Thu, 15 Jul 2021 9:22 pm IST


24 घंटे में सीएम पुष्कर सिंह धामी का लेना पड़ा "यू टर्न"


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नवनियुक्त तीन जनसम्पर्क अधिकारियों (पीआरओ) की नियुक्ति का आदेश 24 घंटे पूरा होने से पहले ही वापस लेना पड़ गया। सत्ता में आने के बाद पुष्कर सिंह धामी के लिए यह पहला "यू टर्न"" है। इनके पीछे क्या वजह है, किसके कहने पर ये पीआरओ नियुक्त हुए थे और ऐसा क्या राजफ़ाश हुआ कि 24 घंटे में ही इस फैसले को वापस लेना पड़ा, ऐसे सवाल सचिवालय में तैर रहे है। 
पुष्कर सिंह धामी ने चार जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद फुटकर में नियुक्तियों का दौर चलता रहा। 13 जुलाई को मुख्यमंत्री के पीआरओ के रूप में तीन नियुक्ति हुई। राजेश सेठी, मुलायम सिंह रावत और सत्यपाल सिंह की नियुक्ति का आदेश सचिवालय प्रशासन द्वारा जारी कर दिया गया। रात भर नामों को लेकर चर्चा होती रही और सुबह होते ही मुख्यमंत्री ने तीनों की नियुक्ति निरस्त करने के आदेश दिए। सचिवालय प्रशासन ने तत्काल ही तीनों की नियुक्ति का आदेश भी निरस्त कर दिया। 
सवाल यह है कि क्या ये तीनों पीआरओ मुख्यमंत्री को अँधेरे में रखकर नियुक्त किये गए ? और यदि ऐसा हुआ तो नियुक्ति करने वाले पर कार्रवाई क्यों नहीं की गयी ? और इन तीनों को लेकर ऐसा क्या राज खुला जो आनन फानन में निरस्त करना पड़ा ? ये सवाल अपनी जगह अभी भी मुंह बाए खड़े है। 
तीरथ रावत के समय भी  कुछ ऐसा ही हुआ था 
जब तीरथ सिंह रावत मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने संघ के उच्चाधिकारियों के कहने पर वरिष्ठ पत्रकार को अपना सलाहकार नियुक्त तो कर दिया लेकिन सुबह जब सलाहकार को जोइनिंग देनी थी तो होल्ड कर दिया गया और फिर उस आदेश को भी निरस्त कर दिया गया था।