Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 16 Sep 2021 9:00 pm IST


खोल दे माता खोल भवानी धर्म किवाड़ा..


पोथिंग के आदिशक्ति मां नंदा भगवती शक्तिपीठ में नंदा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं और पुरुषों ने ढोल और अन्य वाद्ययंत्रों की थाप पर चांचरी गायन किया। खोल दे माता खोल भवानी धर्म किवाड़ा समेत तमाम बोलों में गाई गई चांचरी का लोगों ने लुत्फ उठाया।मंदिर में पूजा के लिए गांव की विवाहित बेटियां भी मायके की आराध्य मां नंदा के धाम में पूजा-अर्चना के लिए पहुंची हुई थीं। लोगों ने अगले वर्ष फिर मिलने के वादे के साथ मां नंदा विदाई दी।मां नंदा को 500 ग्राम वजनी हजारों पूड़ियों का भोग लगाया गया। भक्तों को प्रसाद स्वरुप वितरित किया गया। इस अवसर पर पोथिंग में लगे मेले में बागेश्वर, कपकोट के साथ ही बाजपुर, रामपुर, रामनगर से आए व्यापारियों ने दुकानें सजाई। लोगों ने खूब खरीदारी की। बच्चों ने झूले, चरखे आदि का आनंद लिया।

आयोजन में जिपं अध्यक्ष बसंती देव, पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू, सुरेश गढ़िया, विनोद गढ़िया, राम सिंह, हरीश जोशी समेत अनेक लोग शामिल हुए। भूपेश गढ़िया, प्रकाश योगाचार्य, कमलेश गढ़िया, महेश बिष्ट, संतोष बिष्ट आदि ने पूजा संपन्न कराने में योगदान दिया।