Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 13 Mar 2022 8:00 am IST


ढलती उम्र को चुनौती दे पहाड़ लांघने निकली 12 महिलाएं


उत्तरकाशी। अरुणाचल प्रदेश में म्यांमार सीमा पर स्थित पंगसाऊ दर्रा से कारगिल के टाइगर हिल तक 4977 किमी के ट्रैकिंग अभियान पर निकल रहीं देश की पहली एवरेस्ट विजेता महिला पद्मभूषण बछेंद्री पाल आगामी 24 मई को 68वें वर्ष में प्रवेश कर जाएंगी। उनके साथ अभियान में शामिल कर्नाटक की वसुमति श्रीनिवासन 68 वर्ष की हो चुकी हैं, जबकि अन्य दस महिलाओं की उम्र 53 वर्ष से अधिक है। आजादी के अमृत महोत्सव व फिट इंडिया के तहत टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन और खेल एवं युवा मंत्रालय की ओर से आयोजित 'महिला ट्रांस हिमालय' अभियान को दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सचिव (खेल) सुजाता चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाई। अभियान की विधिवत शुरुआत 12 मार्च से हुई, जो पांच माह में संपन्न होगा। 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं का यह ट्रांस हिमालय का पहला अभियान है। इसमें उन्हें उच्च हिमालय के 37 दर्रे भी पार करने हैं, जिन तक पहुंचना ही पर्वतारोहण की चुनौती जैसा है। अभियान का नेतृत्व स्वयं बछेंद्री पाल कर रही हैं।